उदयपुर गोवर्धन विलास थाना क्षेत्र में उदयपुर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है. यहाँ बलीचा स्थित इंडो अमेरिकन स्कूल के पास एक बाइक सवार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराया. सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को एमबी हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया है.
हाईवे पर पड़े मिट्टी के ढेर से टकराई बाइक
पुलिस के अनुसार, हादसा मंगलवार सुबह करीब 6 बजे हुआ। हाईवे पर वर्तमान में निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके चलते जगह-जगह मिट्टी के ढेर लगे हुए हैं. बलीचा के पास बाइक सवार युवक सड़क पर बने इसी मिट्टी के ढेर से अनियंत्रित होकर टकरा गया. संतुलन बिगड़ने के कारण वह सीधे डिवाइडर से जा भिड़ा, जिससे उसका सिर फट गया और अत्यधिक खून बहने से मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई.
हेलमेट पहना होता तो बच सकती थी जान
मृतक की शिनाख्त खेरवाड़ा के पलसिया निवासी निशित मीणा (25) पुत्र बंशीलाल मीणा के रूप में हुई है. पुलिस को घटनास्थल से युवक के कंधे पर टंगा एक काला बैग मिला है, जिसमें से आधार कार्ड और फोटो बरामद हुए हैं.
आशंका जताई जा रही है कि निशित खेरवाड़ा से उदयपुर शहर में आयोजित शिक्षक भर्ती परीक्षा (Teacher Recruitment Exam) देने आ रहा था, हालांकि पुलिस अभी इसकी पूरी पुष्टि करने में जुटी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवक के सिर पर ही सबसे गंभीर और जानलेवा चोट लगी है. अगर उसने सफर के दौरान हेलमेट पहना होता, तो आज उसकी जान बच सकती थी.
परिजनों के आने पर होगा पोस्टमार्टम
घटना की जानकारी मिलते ही गोवर्धन विलास थाना पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया है. परिजनों के उदयपुर पहुंचने के बाद उनकी मौजूदगी में ही शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा. पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है और हाईवे पर चल रहे निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की भी जांच की जा रही है.

