Headlines

डूंगरपुर: धंबोला थानाधिकारी देवेंद्र देवल को मिली भावभीनी विदाई: जनता बोली- ‘कार्यशैली निष्पक्ष हो तो दिल जीत लेती है पुलिस’

सीमलवाड़ा (डूंगरपुर) “पुलिस की कार्यशैली यदि निष्पक्ष, संवेदनशील और जनहितकारी हो, तो आमजन का पुलिस के प्रति आत्मीय जुड़ाव अपने आप स्थापित हो जाता है” यह उद्गार सीमलवाड़ा के धंबोला थाना परिसर में आयोजित एक भव्य विदाई समारोह में उमड़े जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने व्यक्त किए. अवसर था धंबोला थानाधिकारी देवेंद्र देवल के डूंगरपुर जिले के ही बिछीवाड़ा थाना प्रभारी पद पर हुए स्थानांतरण का.

मंगलवार शाम को पुलिस उपाधीक्षक (डिप्टी) मदनलाल विश्नोई के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस समारोह का माहौल बेहद भावुक नजर आया. इस दौरान थानाधिकारी देवेंद्र देवल के साथ ही स्थानांतरित हुए एएसआई, हेड कांस्टेबल और कांस्टेबलों का भी पुष्पमालाएं पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानजनक विदाई दी गई.

7 माह का अल्प कार्यकाल, लेकिन काम बेमिसाल

समारोह को संबोधित करते हुए विभिन्न वक्ताओं ने देवेंद्र देवल के मात्र सात महीने के कार्यकाल की जमकर सराहना की. वक्ताओं ने कहा कि देवल ने अपने अल्प सेवाकाल में धंबोला क्षेत्र में न केवल कानून-व्यवस्था को एक नई मजबूती दी, बल्कि जनता और खाकी के बीच बने फासले को पाटकर विश्वास का वातावरण तैयार किया. अपराध नियंत्रण और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने में उनकी भूमिका हमेशा सकारात्मक रही.

सूझबूझ से सुलझाए दो बड़े संवेदनशील मामले

कार्यक्रम में वक्ताओं ने विशेष रूप से थानाधिकारी देवल की दो बड़ी उपलब्धियों का उल्लेख किया, जिसने क्षेत्र को अशांत होने से बचाया:

  1. पीठ कस्बा विवाद का शांतिपूर्ण समाधान: पीठ कस्बे में जब दो समुदायों के बीच अचानक तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई थी, तब तत्कालीन डिप्टी मदनलाल विश्नोई और थानाधिकारी देवेंद्र देवल ने बेहतरीन धैर्य और सूझबूझ का परिचय दिया. उन्होंने दोनों पक्षों से निरंतर संवाद कर मामले को बेहद शांत तरीके से सुलझाया और क्षेत्र में शांति बहाल की.
  2. लबाना समाज का पुराना विवाद खत्म: लबाना समाज के दो गुटों के बीच लंबे समय से चली आ रहे आपसी मनमुटाव को देवेंद्र देवल ने सामाजिक समन्वय और व्यवहार कुशलता के जरिए हमेशा के लिए समाप्त करवा दिया.

समारोह में ये रहे मौजूद

इस गरिमामय विदाई समारोह में भाजपा जिला महामंत्री ईश्वरलाल लबाना, मंडल अध्यक्ष परेश पाटीदार, कुंदन सिंह चौहान, नूर आलम खां मकरानी, जगदीश पंड्या, कीर्ति पंड्या, रतन सिंह चौहान, समाजसेवी पोपट खोखरिया, जिला मीडिया प्रभारी गुणवंत कलाल, सरपंच मुकेश खांट, गोवर्धन जैन, हबीब भाई फूमती, देवेंद्र दर्जी, बिपिन कोठारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस के जवान और प्रबुद्ध ग्रामीण उपस्थित रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *