Headlines

बांसवाड़ा में बेखौफ बदमाश: खांदू कॉलोनी में घर के बाहर महिला से 2 तोले की सोने की चेन लूटी, CCTV में कैद हुए बाइक सवार

बांसवाड़ा शहर के पॉश इलाके खांदू कॉलोनी में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। गुरुवार देर शाम बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए एक महिला को अपना निशाना बनाया. बदमाश महिला के गले से करीब 2 तोले की सोने की चेन झपटकर फरार हो गए. लूटी गई इस चेन की कीमत लगभग 3 लाख रुपए बताई जा रही है. इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.

मंदिर से लौट रही महिला को बनाया निशाना

जानकारी के अनुसार, खांदू कॉलोनी निवासी कांता पवार (पत्नी रमेश पवार) गुरुवार देर शाम करीब साढ़े 7 बजे पास ही स्थित शीतला माता मंदिर से दर्शन कर लौट रही थीं. वह जैसे ही अपने घर के बाहर पहुंचीं, घात लगाकर बैठे बाइक सवार बदमाशों ने उन पर हमला बोल दिया.

पुलिस ने दर्ज किया मामला, सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही राजतालाब थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर पीड़िता से घटनाक्रम की जानकारी ली. पुलिस ने हुलिए के आधार पर पूरे शहर और नाकों पर तुरंत नाकाबंदी करवाई.

पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की धरपकड़ के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाल रही है. फुटेज में मुंह पर रुमाल बांधे दो संदिग्ध बाइक सवार नजर आए हैं, जिनकी पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं.

इस वारदात के बाद से स्थानीय निवासियों में सुरक्षा को लेकर भारी आक्रोश और डर का माहौल है. लोगों का कहना है कि शाम के समय सरेआम ऐसी वारदातें पुलिस गश्त की पोल खोलती हैं. स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए और बदमाशों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *