Headlines

उदयपुर: फतहसागर पर चाकू लहराकर रील बनाना पड़ा भारी, सोशल मीडिया पर ‘रुतबा’ दिखाने वाला युवक गिरफ्तार

उदयपुर सोशल मीडिया पर खुद को फेमस करने और रील के जरिए लोगों में अपना खौफ पैदा करने की चाहत एक युवक को भारी पड़ गई. उदयपुर की प्रसिद्ध फतहसागर झील किनारे हवा में चाकू लहराकर रील बनाने वाले इस युवक को पुलिस ने धर दबोचा है. अंबामाता थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी से वारदात में इस्तेमाल धारदार चाकू भी बरामद कर लिया है.

टूरिस्ट प्लेस पर बनाया था दहशत का वीडियो

जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान राकेश कुमार (22 वर्ष), निवासी अमरपुरा झाड़ोल के रूप में हुई है. आरोपी ने उदयपुर के सबसे प्रमुख टूरिस्ट स्पॉट फतहसागर झील की पाल पर सरेआम हवा में चाकू लहराते हुए एक वीडियो शूट किया था. इसके बाद उसने इस वीडियो को अपने इंस्टाग्राम (Instagram) अकाउंट पर रील के रूप में अपलोड कर दिया. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही यह पुलिस की नजर में चढ़ गया और पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी.

  • क्यों बनाया वीडियो: पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने सोशल मीडिया पर अपना रुतबा कायम करने और फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए यह चाकू खरीदा था. पकड़ाए जाने के बाद युवक ने अपनी गलती कबूल की और पुलिस के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए आगे से ऐसा वीडियो न बनाने की कसम खाई.

“हथियारों के साथ रील बनाना कानूनन अपराध” – पुलिस की सख्त चेतावनी

अंबामाता थानाधिकारी दलपत सिंह ने बताया: “भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों और टूरिस्ट स्पॉट्स पर इस तरह हथियार लहराकर रील बनाना न केवल कानून का गंभीर उल्लंघन है, बल्कि इससे देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के बीच भी शहर की छवि खराब होती है और भय का माहौल बनता है.”

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ विभाग की साइबर टीम पूरी तरह एक्टिव है और हर संदिग्ध प्रोफाइल पर पैनी नजर रखी जा रही है. पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर ऐसी कोई भी रील या पोस्ट शेयर न करें जो उन्हें हवालात के पीछे पहुंचा दे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *