उदयपुर जिले के कोटड़ा थाना क्षेत्र में शनिवार रात बेखौफ चोरों ने एक प्राचीन जैन मंदिर को निशाना बनाया. चोर मंदिर का ताला तोड़कर अष्टधातु की तीन बेहद कीमती प्रतिमाएं, चांदी के छत्र, सिंहासन और दानपात्र में रखी नकदी चुराकर फरार हो गए. सुबह घटना का पता चलते ही जैन समाज में भारी आक्रोश फैल गया.
सुबह पूजा के दौरान हुआ वारदात का खुलासा
जानकारी के अनुसार, घटना प्रजापत मोहल्ला स्थित संभवनाथ जैन मंदिर की है. रविवार सुबह करीब 5:30 बजे जब जैन समाज के भूपेंद्र जैन रोजाना की तरह मंदिर में पूजा करने पहुंचे, तो उन्हें मुख्य दरवाजे की कुंदी टूटी हुई मिली. जब वे अंदर दाखिल हुए तो देखा कि गर्भगृह से मूर्तियां और अन्य कीमती सामान गायब था. उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और समाज के लोगों को दी.
भगवान आदिनाथ, पारसनाथ और पद्मावती माता की मूर्तियां गायब

कोटड़ा जैन समाज के अध्यक्ष कल्पेश कोठारी ने कोटड़ा थाने में चोरी की नामजद शिकायत दर्ज कराई है. रिपोर्ट के मुताबिक, चोर मंदिर से अष्टधातु से निर्मित भगवान आदिनाथ, भगवान पारसनाथ और पद्मावती माताजी की प्राचीन प्रतिमाएं चुरा ले गए. इसके अलावा चांदी के दो छत्र, भमंडल, सिंहासन और दानपात्र में रखे करीब 10 हजार रुपये नकद भी चोरी हो गए.
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही कोटड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे होने के कारण चोरों का सुराग जुटाने में पुलिस को चुनौती का सामना करना पड़ रहा है. पुलिस अब मंदिर की ओर आने-जाने वाले मुख्य रास्तों और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.
जैन समाज के लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर मूर्तियों को बरामद करने की मांग की है.

