Headlines

उदयपुर: स्कूटी सवार महिला का पर्स झपटा, सड़क पर घसीटा, टूटा हाथ

उदयपुर लेकसिटी उदयपुर के सूरजपोल थाना क्षेत्र में एक बार फिर बेखौफ बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है. बदमाशों ने स्कूटी पर पीछे बैठी एक महिला का पर्स छीन लिया, जिससे महिला सड़क पर गिरकर काफी दूर तक घिसटती चली गई. इस दर्दनाक हादसे में महिला का हाथ टूट गया और शरीर पर कई गंभीर चोटें आई हैं.

रात की खौफनाक घटना

मिली जानकारी के अनुसार, यह वारदात पुराने डिपो स्थित ‘बापू श्री जोधपुर मिष्ठान भंडार’ के सामने हुई. पीड़िता पुष्पा देवी अपने पति पुष्करलाल शर्मा के साथ भटियानी चौहट्टा (पिछोला क्षेत्र) से स्कूटी पर अपने घर सेक्टर-8, लक्ष्मीनगर लौट रही थीं. इसी दौरान पीछे से आए हेलमेट पहने दो अज्ञात बाइक सवारों ने महिला के कंधे पर टंगा पर्स झपट लिया.

पर्स नहीं छोड़ा तो घसीटते ले गए बदमाश

पर्स झपटते ही पुष्पा देवी अपना संतुलन खो बैठीं और सड़क पर जा गिरीं. पर्स को पकड़े रहने के कारण वह सड़क पर कुछ दूरी तक घिसटती चली गईं. हादसे में महिला का हाथ फ्रैक्चर हो गया, वहीं आंख, पसलियों और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं.

पीड़िता के अनुसार, पर्स में मोबाइल फोन, चांदी की पायजेब, करीब 10 हजार रुपये नकद और बेटे का एटीएम कार्ड रखा हुआ था। पीड़िता ने आरोप लगाया कि वारदात के बाद बदमाश पर्स को हवा में लहराते हुए बेखौफ होकर फरार हो गए.

अंधेरे का फायदा उठाकर वारदात

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटनास्थल पर रोड लाइट बंद होने के कारण गहरा अंधेरा था, जिसका फायदा बदमाशों ने उठाया. पीड़िता की शिकायत पर सूरजपोल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश सरगर्मी से जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *