उदयपुर शहर के सूरजपोल थाना क्षेत्र में रात के समय महिला से पर्स स्नैचिंग करने वाले बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने त्वरित और बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए महज 36 घंटे के भीतर वारदात का पर्दाफाश करते हुए एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले में शामिल दो बाल अपचारियों को निरुद्ध किया गया है.
स्कूटी सवार दंपती को बनाया था शिकार
जानकारी के अनुसार, गत 18 जुलाई की रात करीब 10:20 बजे एक दंपती स्कूटी से अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान पुराने डिपो स्थित बापू श्री जोधपुर मिष्ठान भंडार के पास तेज रफ्तार बाइक पर आए तीन बदमाशों ने महिला के हाथ से पर्स झपट लिया. छीना-झपटी के दौरान महिला सड़क पर गिरकर घायल हो गई थी. पीड़िता के पर्स में चांदी की पायजेब, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड और नकदी मौजूद थी.
CCTV फुटेज से मिली बदमाशों की लोकेशन
घटना के तुरंत बाद हरकत में आई पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. संदिग्ध यामाहा R-15 बाइक के आधार पर जांच आगे बढ़ाते हुए पुलिस को आरोपियों के बाघपुरा क्षेत्र में छिपे होने की सटीक सूचना मिली. पुलिस टीम जब दबिश देने पहुंची तो मुख्य आरोपी भागने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे दबोच लिया.
आरोपी गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त बाइक भी जब्त
पकड़े गए मुख्य आरोपी की पहचान ललित मराला के रूप में हुई है. कड़ी पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पीड़िता का पर्स, चांदी की पायजेब और एटीएम कार्ड बरामद कर लिए हैं. साथ ही वारदात में प्रयुक्त यामाहा R-15 बाइक को भी जब्त कर लिया गया है.
मामले में शामिल दो अन्य बाल अपचारियों को हरिदासजी की मगरी क्षेत्र से निरुद्ध किया गया है. पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी और बाल अपचारियों से गहनता से पूछताछ कर रही है, ताकि शहर में हुई अन्य स्नैचिंग की घटनाओं का भी खुलासा हो सके.

