बांसवाड़ा रतलाम मार्ग पर स्थित माही नदी के प्रसिद्ध गेमन पुल पर मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा होते-होते टल गया. रतलाम की ओर से आ रहा एक भारी-भरकम 16 टायरा ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और पुल की सीमेंटेड रैलिंग व बैरिकेड्स को तोड़ते हुए नदी की तरफ हवा में लटक गया. गनीमत यह रही कि ट्रक नदी में नहीं गिरा, जिससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया और हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई.

नींद की झपकी बनी हादसे का कारण
मामले की जानकारी देते हुए आबापूरा थाने के पाड़ला चौकी प्रभारी एएसआई इंद्रजीत सिंह ने बताया कि 16 टायरा पासिंग ट्रक रतलाम की ओर से आ रहा था. प्राथमिक जांच में सामने आया है कि तड़के सुबह के वक्त चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई. झपकी आते ही वाहन से चालक का नियंत्रण पूरी तरह छूट गया. अनियंत्रित ट्रक तेज रफ्तार में सड़क किनारे लगे सीमेंटेड बैरिकेड्स और रैलिंग को तोड़ता हुआ पुल के किनारे पर जाकर हवा में झूल गया.
मौके पर अफरा-तफरी, पुलिस ने संभाला मोर्चा
सुबह-सुबह हुए इस हादसे के दौरान पुल से गुजर रहे राहगीरों में हड़कंप मच गया. ट्रक का अगला हिस्सा पुल की रैलिंग तोड़कर सीधे पानी की तरफ लटकता देख वहां से गुजरने वाले लोग सहम गए.
घटना की सूचना तुरंत पुलिस प्रशासन को दी गई, जिसके बाद पाड़ला चौकी पुलिस टीम मौके पर पहुंची. हादसे के कारण पुल पर यातायात बाधित हो गया था, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद सुचारू कराया.

