उदयपुर पैकेस्ड पेयजल को लोग शुद्ध और सेहत के लिए सुरक्षित मानकर खरीदते हैं, लेकिन उदयपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. शहर के व्यस्त चेतक सर्कल स्थित पहाड़ी बस स्टैंड पर एक दुकान में बिक्री के लिए रखी सील पैक पानी की बोतल के अंदर कॉकरोच तैरता हुआ मिला. घटना के बाद पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर की गुणवत्ता और पैकेजिंग मानकों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.

दुकानदार की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
पहाड़ी बस स्टैंड स्थित दुकान के संचालक संजय ने बताया कि वह बिक्री के लिए रखी ‘माय यस’ (My Yes) ब्रांड की पानी की बोतलों की नियमित जांच कर रहे थे. इसी दौरान उनकी नजर एक सील पैक बोतल पर पड़ी, जिसके भीतर स्पष्ट रूप से कॉकरोच दिखाई दे रहा था. राहत की बात यह रही कि दुकानदार की समय रहते उस पर नजर पड़ गई, अन्यथा यह बोतल किसी ग्राहक को बेच दी जाती और उसके स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती थी.
कंपनी का रवैया ढुलमुल, नहीं मिला कोई जवाब
दुकानदार के अनुसार, बोतल पूरी तरह से बंद (सील पैक) थी, जिससे साफ जाहिर होता है कि यह लापरवाही निर्माण या बॉटलिंग प्लांट में पैकेजिंग के दौरान हुई है. घटना के तुरंत बाद संजय ने संबंधित कंपनी के सेल्समैन को फोन कर सूचित किया और सबूत के तौर पर फोटो व वीडियो भी भेजे. आरोप है कि सूचना देने के बावजूद कंपनी प्रशासन की ओर से अब तक कोई संतोषजनक जवाब या कार्रवाई नहीं की गई है.
खाद्य सुरक्षा विभाग से जांच की मांग
संजय ने चिंता जताते हुए कहा कि यदि कोई ग्राहक इस दूषित पानी का सेवन कर लेता, तो उसके स्वास्थ्य के साथ बड़ा खिलवाड़ हो जाता और बदनामी दुकानदार की होती. इस घटना के बाद स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों में रोष व्याप्त है. लोगों ने खाद्य सुरक्षा विभाग (Food Safety Department) से मामले का तत्काल संज्ञान लेने, संबंधित कंपनी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और बाजार में बिक रही अन्य बोतलों की सघन जांच करने की मांग की है.

