डूंगरपुर बुधवार दोपहर हुई महज दो मिनट की तेज बारिश ने अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (डिस्कॉम) की बिजली व्यवस्था और मानसूनी रखरखाव के दावों की पोल खोलकर रख दी. हल्की बारिश शुरू होते ही पुराने शहर के दर्जनों इलाकों में बिजली की सप्लाई ठप हो गई, जो देर शाम तक बहाल नहीं हो सकी. इस अव्यवस्था और अधिकारियों के रवैये से नाराज शहरवासियों ने रतनपुर मार्ग स्थित डिस्कॉम कार्यालय पहुंचकर जमकर प्रदर्शन किया और धरने पर बैठ गए.
घंटों बंद रही सप्लाई, लो-वोल्टेज और ट्रिपिंग से लोग परेशान
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भाटीवाड़ा और पातेला स्थित नर्सरी फीडर से जुड़े भोईवाड़ा, पातेला, दर्जीवाड़ा, सलटवाड़ा, मोची बाजार और कोतवाली क्षेत्र में बारिश की पहली बूंद पड़ते ही बिजली गुल हो गई. हालांकि बारिश कुछ ही मिनटों में थम गई, लेकिन आपूर्ति घंटों तक बहाल नहीं हो सकी. इस दौरान भीषण गर्मी, लो-वोल्टेज, बार-बार ट्रिपिंग और पेयजल आपूर्ति ठप होने से आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा.
अधिकारियों का गैर-जिम्मेदाराना रवैया, नहीं मिला संतोषजनक जवाब
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि बिजली बंद होने के बाद अधिकारियों और कंट्रोल रूम को लगातार फोन मिलाया गया, लेकिन किसी ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया. भोईवाड़ा निवासी दिनेशचंद्र भोई और पातेला निवासी आबिद अली ने बताया कि घंटों इंतजार के बाद जब लोग शिकायत लेकर रतनपुर मार्ग स्थित डिस्कॉम कार्यालय पहुंचे, तब भी कर्मचारियों ने कोई सही जानकारी नहीं दी. इसी बात से आक्रोशित होकर लोग कार्यालय परिसर में ही अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए.
सख्त कार्रवाई की मांग
प्रदर्शनकारियों ने बिजली निगम के उच्च अधिकारियों से शहर की जर्जर बिजली लाइनों को दुरुस्त करने, नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने और लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

