Headlines

डूंगरपुर: रुक-रुक कर बारिश जारी: सोम व माही नदी में आवक से टापू बना बेणेश्वर धाम, 26 जुलाई तक ऑरेंज अलर्ट

डूंगरपुर जिले में गुरुवार को लगातार दूसरे दिन भी बारिश का दौर जारी रहा. सुबह की शुरुआत हल्की फुहारों और रिमझिम बारिश के साथ हुई. आसमान में घनघोर काले बादल छाए रहने से दिन में भी अंधेरे जैसा अहसास बना रहा. बीते 24 घंटों के दौरान जिले में औसत 1 इंच बारिश दर्ज की गई है। इस बीच मौसम विभाग ने डूंगरपुर जिले के लिए 26 जुलाई तक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.

सोम और माही नदी उफान पर, बेणेश्वर धाम का संपर्क कटा

डूंगरपुर के साथ-साथ बांसवाड़ा और उदयपुर जिलों के जलग्रहण क्षेत्रों में हो रही बारिश के कारण सोम व माही नदियों में पानी की जबरदस्त आवक हुई है. इसके चलते प्रसिद्ध प्रयाग बेणेश्वर धाम टापू में तब्दील हो गया है. धाम को जोड़ने वाले साबला, वलाई और बांसवाड़ा तीनों प्रमुख पुलों के ऊपर से पानी बह रहा (चादर चल रही) है. यात्रियों व श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए साबला पुलिस प्रशासन ने तीनों पुलों से वाहनों और लोगों की आवाजाही को पूरी तरह बंद करा दिया है.

निठाउवा व सागवाड़ा में सबसे ज्यादा बारिश

जिले में पिछले 24 घंटों के दौरान हुई बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो निठाउवा और सागवाड़ा में सर्वाधिक 60 मिमी (सवा दो इंच) बारिश दर्ज की गई. इसके अलावा गलियाकोट में 53 मिमी, धंबोला व चिखली में 32-32 मिमी, सोम कमला आम्बा बांध क्षेत्र में 26 मिमी, कनबा में 20 मिमी, आसपुर में 19 मिमी, डूंगरपुर शहर में 18 मिमी, वेंजा में 17 मिमी, देवल में 16 मिमी, गणेशपुर में 14 मिमी और साबला में 12 मिमी बारिश हुई है..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *