डूंगरपुर जिले के चौरासी थाना क्षेत्र के उटिया गांव में बकरियों के लिए चारा लेने गए एक बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का मामला सामने आया है. बुजुर्ग सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले थे, जिनकी अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में शोक की लहर फैल गई है. पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
धमाके की आवाज सुनकर पहुंचे परिजन, सड़क पर मिले घायल
चौरासी थाने के एएसआई वालचंद ने बताया कि उटिया निवासी हरीश पुत्र रमेशचंद्र परमार ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है. रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार शाम को उसके पिता रमेशचंद्र घर के पास ही बकरियों के लिए चारा लेने गए थे. इसी दौरान अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी. आवाज सुनकर जब बेटा और आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे, तो रमेशचंद्र सड़क किनारे खून से लथपथ और गंभीर हालत में पड़े हुए थे.
अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम
घटना के तुरंत बाद परिजन आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए गेंजी अस्पताल लेकर पहुंचे. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डूंगरपुर जिला अस्पताल के लिए रैफर कर दिया, लेकिन जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया. इसके बाद परिजनों ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया.
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा, जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही चौरासी थाना पुलिस जिला अस्पताल पहुंची. पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सुपुर्द कर दिया है. पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसा किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ या मौत का कारण कुछ और था.

