Headlines

डूंगरपुर: गुजरात रोड स्थित होटल पर DST और पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर का जखीरा जब्त, एक गिरफ्तार

राजस्थान-गुजरात सीमा से सटे डूंगरपुर जिले में अवैध शराब की तस्करी और भंडारण के खिलाफ पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है. इसी कड़ी में जिला विशेष टीम (DST) और धम्बोला थाना पुलिस ने एक संयुक्त कार्रवाई को अंजाम देते हुए गुजरात रोड स्थित एक होटल से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की है. पुलिस ने मौके से शराब का जखीरा जब्त करते हुए एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है.

सटीक सूचना पर पुलिस की दबिश

धम्बोला थानाधिकारी चंद्रशेखर ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम पीठ तिराहे पर मुस्तैदी से नाकाबंदी कर रही थी. इसी दौरान DST प्रभारी मोहनपाल सिंह को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि मांडली स्थित एक होटल परिसर में बड़े पैमाने पर अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर का भंडारण किया गया है, जिसे तस्करी के मकसद से रखा गया था.

सूचना मिलते ही DST और धम्बोला थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बिना वक्त गंवाए मांडली स्थित संबंधित होटल पर अचानक दबिश दी.

36 पेटी शराब बरामद, आबकारी एक्ट में मामला दर्ज

होटल परिसर की गहन तलाशी लेने पर पुलिस टीम को अलग-अलग नामचीन ब्रांड्स की 36 पेटी और 46 पव्वे अवैध अंग्रेजी शराब व बीयर छिपाकर रखी हुई मिली. पुलिस ने मौके पर मौजूद शराब के संबंध में वैध लाइसेंस या कागजात मांगे, लेकिन कोई दस्तावेज पेश नहीं किया जा सका. जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पूरी खेप को तुरंत जब्त कर लिया.

मौके से पुलिस ने आशुतोष (23) पुत्र दिनेशचंद्र भोई, निवासी पीठ (थाना धम्बोला) को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम (Excise Act) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है कि यह शराब कहाँ से सप्लाई की गई थी और इसे आगे किन-किन इलाकों या गुजरात सीमा में खपाने की योजना थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *