राजस्थान में मिलावटखोरों और आम जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है. इसी क्रम में उदयपुर शहर में विभाग की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए सेक्टर-14 स्थित एक डेयरी परिसर पर अचानक छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान टीम ने भारी मात्रा में संदिग्ध घी जब्त कर उसके सैंपल जांच के लिए लैब भेजे हैं.
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर हुई कार्रवाई
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग (जयपुर) की आयुक्त टी. शुभ मंगला के कड़े निर्देशों और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. अशोक आदित्य के मार्गदर्शन में संपन्न हुई. खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेंद्र सिंह चौहान के नेतृत्व में पहुंची विभागीय टीम ने सेक्टर-14 स्थित इंद्रप्रस्थ कॉम्प्लेक्स के पास संचालित डेयरी पर दबिश दी.
कार्रवाई के दौरान टीम ने डेयरी परिसर का सघन निरीक्षण किया तथा वहां निर्माण, रिपैकिंग और भंडारण से संबंधित जरूरी दस्तावेजों की पड़ताल की.
सैंपल जांच के लिए भेजे, रिपोर्ट के आधार पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई
छापेमारी के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को मौके से 4 टिन और 3 केन संदिग्ध घी बरामद हुआ। प्रारंभिक निरीक्षण में घी के मिलावटी या नकली होने की गहरी आशंका जताई गई, जिसके बाद अधिकारियों ने तुरंत घी को जब्त कर लिया. मौके पर ही नियमानुसार नमूनों को सील कर प्रयोगशाला (Lab) भेजा गया.
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि लैब से रिपोर्ट आने के बाद यदि मिलावट की पुष्टि होती है, तो संबंधित डेयरी संचालक के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 (FSSAI) के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी. विभाग ने आमजन से भी अपील की है कि वे बाजार से खाद्य सामग्री खरीदते समय पैकेजिंग व गुणवत्ता की जांच जरूर करें.

