उदयपुर शहर से सटे लकड़वास गांव में शुक्रवार सुबह बिजली विभाग की गंभीर लापरवाही ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया. घर से महज 20 मीटर दूर दूध लेने निकले 38 वर्षीय युवक पर अचानक हाईटेंशन बिजली का तार टूटकर गिर गया. करंट लगने से तुरंत आग भड़क उठी और युवक जिंदा जल गया. मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई.
मृतक की पहचान लहरीलाल (38) पुत्र कुकाराम वागरिया के रूप में हुई है. सुबह जब वह घर से बाहर निकला, तो सामने खंभे से झूल रहा जर्जर तार अचानक उस पर गिर पड़ा. पास में पड़ी सूखी लकड़ियों के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे युवक को संभलने का मौका तक नहीं मिला.
ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, मार्ग पर लगाया जाम
घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को एमबी अस्पताल की मोर्चरी भिजवाने के बाद झामर कोटड़ा-उदयपुर मार्ग पर जाम लगा दिया. ग्रामीणों का आरोप था कि बिजली विभाग को लंबे समय से जर्जर तारों की शिकायत दी जा रही थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. प्रदर्शन के दौरान मृतक की पत्नी और बेटियां बेसुध हो गईं, जिन्हें ग्रामीणों ने संभाला. करीब 3 घंटे तक चले प्रदर्शन से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं.
10 लाख मुआवजा और सरकारी योजनाओं पर बनी सहमति
सूचना पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों से लंबी वार्ता की। सहमति बनने के बाद प्रशासन ने निम्नलिखित राहत देने का आश्वासन दिया:
- बिजली विभाग: 5 लाख रुपये की सहायता राशि.
- आयुष्मान योजना: 5 लाख रुपये का आर्थिक सहयोग.
- अन्य योजनाएं: बच्चों के लिए पालनहार योजना और पात्र सरकारी योजनाओं का लाभ.
आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया. लोगों ने बिजली विभाग से क्षेत्र में तुरंत जर्जर तारों और खंभों को बदलने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसा हादसा दोबारा न हो.

