बांसवाड़ा शहर के राजतालाब थाना क्षेत्र अंतर्गत दाहोद रोड पर स्कूटी सवार बुजुर्ग दंपती को झपट्टा मारकर सोने की चेन छीनने और महिला को गंभीर रूप से घायल करने वाले दो शातिर बदमाशों को पुलिस ने धर दबोचा है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है.
यह था पूरा मामला
प्रार्थी मोतीलाल दर्जी (78) निवासी नई आबादी ने राजतालाब थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 13 जुलाई को शाम करीब 5 बजे वे अपनी पत्नी पुष्पा के साथ स्कूटी से भटनागर हॉस्पिटल जा रहे थे. रास्ते में दाहोद रोड पर मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात बदमाशों ने पीछे से आकर महिला के गले से सोने की चेन पर झपट्टा मारा. बदमाशों के झपट्टा मारने से चलती स्कूटी असंतुलित होकर गिर गई, जिससे महिला सड़क पर गिर पड़ीं और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे.
एसपी के निर्देशन में गठित हुई विशेष टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी के निर्देश दिए. राजतालाब थानाधिकारी श्याम सिंह चारण के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी सहायता और साइबर सेल की मदद से संदिग्धों की तलाश शुरू की.
गिरफ्तार आरोपी और पुलिस टीम
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया:
- दीपक कलाल (22) पुत्र अशोक कलाल, निवासी – अरथुना (बांसवाड़ा)
- भरत बामणिया (26) पुत्र शंकर बामनिया, निवासी – अरथुना (बांसवाड़ा)
पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया और घटना में इस्तेमाल बाइक बरामद की. इसके बाद न्यायालय के आदेश पर दोनों को जेल भेज दिया गया है. इस पूरी कार्रवाई में थानाधिकारी श्याम सिंह चारण, एसआई लोकेश पालीवाल, एएसआई उदयसिंह, कांस्टेबल पवन कुमार, दिलीप कुमार, सुरेश, विनोद और धर्मवीर शामिल रहे.

