बांसवाड़ा सोशल मीडिया पर सनसनी फैलाने और परिजनों को डराने की नीयत से इंस्टाग्राम पर खुदकुशी की धमकी देने वाले एक युवक को कलिंजरा थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया गया है. आरोपी के खिलाफ सार्वजनिक शांति भंग करने और भ्रामक जानकारी फैलाने का मामला दर्ज किया गया है.

यह था पूरा मामला
23 जुलाई को इंस्टाग्राम पर ‘king_of_tabiyar’ नाम की यूजर आईडी से एक धमकी भरी स्टोरी अपलोड की गई थी. स्टोरी में लिखा गया था— “मैं जा रहा हूं, कभी नहीं मिलूंगा, रो-रो कर ढूंढेगी तो भी नहीं मिलूंगा, हॉस्पिटल में मिलूंगा या ऊपर मिलूंगा, ये मेरा वादा है.”
इस पोस्ट में जहरीली दवा खाकर जान देने की बात कही गई थी, जिससे परिजनों सहित आम लोगों में हड़कंप मच गया. मामले की जानकारी मिलते ही बांसवाड़ा पुलिस की साइबर सेल और कलिंजरा पुलिस तुरंत हरकत में आई.
साइबर टीम ने लोकेशन ट्रेस कर किया गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी अनुसंधान के जरिए साइबर टीम ने तुरंत इंस्टाग्राम आईडी के लोकेशन और आईपी एड्रेस को ट्रेस किया. कलिंजरा थानाधिकारी तेजुसिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रागेलापाडा में दबिश देकर आरोपी सुभाष (पिता गौतम ताबियार) निवासी रागेलापाडा को धर दबोचा.
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने परिजनों को डराने और दबाव बनाने की नीयत से यह झूठी और सनसनीखेज स्टोरी पोस्ट की थी
सोशल मीडिया पर पुलिस की सख्त नजर
बांसवाड़ा पुलिस ने इस कार्रवाई के माध्यम से कड़ा संदेश दिया है कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग, भड़काऊ या भ्रामक पोस्ट और अफवाह फैलाकर शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. साइबर सेल ऐसी गतिविधियों पर 24 घंटे नजर रख रही है.

