उदयपुर और सलूंबर जिले में मानसून का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है. बीती रात से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला आज तड़के तक जारी रहा, जिससे कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई. शुक्रवार सुबह करीब 5:15 बजे उदयपुर शहर में भी करीब एक घंटे तक झमाझम बारिश हुई, जिसने पूरे शहर को भिगो दिया.

लसाड़िया में 11 इंच से अधिक बारिश
पिछले 24 घंटों में सलूंबर जिले के लसाड़िया में कुदरत का रोद्र रूप देखने को मिला, जहां 11 इंच (280 मिमी) से अधिक बारिश दर्ज की गई. वहीं उदयपुर जिले के झाड़ोल में सर्वाधिक 4 इंच बारिश रिकॉर्ड हुई. ऋषभदेव कस्बे और आसपास के ग्रामीण अंचलों में भी रातभर हुई मूसलाधार बारिश से नदियां और नाले उफान पर आ गए हैं. जलभराव के कारण कई रास्तों पर संपर्क बाधित हुआ है.
आज भी भारी बारिश की संभावना: ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने उदयपुर और आसपास के क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. मौसम विशेषज्ञ डॉ. आर.एस. देवड़ा के अनुसार, क्षेत्र में मानसूनी तंत्र बेहद सक्रिय है. दिनभर आसमान में घने बादल छाए रहेंगे और कई स्थानों पर रुक-रुक कर मूसलाधार बारिश का दौर जारी रहने की पूरी संभावना है.
प्रशासन ने जारी की एडवायजरी
लगातार हो रही बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन ने आमजन से सतर्कता बरतने की अपील की है. लोगों को उफनते नाले, रपट और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा बच्चों-बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है.

