डूंगरपुर आसपुर थाना क्षेत्र के सड़ा गांव के पास सोम नदी में डूबे एक 40 वर्षीय व्यक्ति का शव 40 घंटे के कड़े तलाशी अभियान के बाद मंगलवार सुबह बरामद कर लिया गया. मृतक की पहचान सड़ा खुदरड़ा निवासी राइया (40) पुत्र कैसिया बरगोट मीणा के रूप में हुई है. घटना के बाद से ही क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है.

भैंस निकालने के दौरान हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर राइया मीणा की भैंसे सोम नदी के पास विचरण कर रही थीं. जब वह अपनी भैंसों को नदी से बाहर निकालने का प्रयास कर रहा था, तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नदी के गहरे पानी में बह गया. स्थानीय ग्रामीणों ने उसे बचाने और तलाशने के काफी प्रयास किए, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली.
40 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना तुरंत आसपुर थाना पुलिस को दी गई. इसके बाद डूंगरपुर से सिविल डिफेंस और एसडीआरएफ (SDRF) की 13 सदस्यीय संयुक्त टीम को मौके पर बुलाया गया. टीम कमांडर हेड कांस्टेबल शिवराज और सिविल डिफेंस के रवी परमार के नेतृत्व में सोमवार को दिनभर तलाशी अभियान चलाया गया.
सोमवार देर शाम तक अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन रोकना पड़ा. इसके बाद मंगलवार सुबह करीब 7 बजे जैसे ही टीम दोबारा मौके पर पहुंची, तो शव नदी के पानी में तैरता हुआ नजर आया. टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
घटना की जानकारी मिलते ही आसपुर थानाधिकारी शैलेन्द्र सिंह मय जाप्ते के मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आसपुर मोर्चरी पहुंचाया, जहाँ पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. मृतक के भाई लालू राम की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.

