डूंगरपुर जिले के पुनाली गांव में बीती रात उस समय अफरा-तफरी का माहौल हो गया, जब एक रिहायशी मकान के आंगन में अचानक 9 फीट लंबा भारी-भरकम अजगर निकल आया. विशालकाय अजगर को देखते ही परिजनों में हड़कंप मच गया और आसपास के ग्रामीण भी मौके पर एकत्र हो गए.
मिली जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 10 बजे की है. पुनाली गांव निवासी नरेंद्र जोशी अपने घर में मौजूद थे, तभी उनकी नजर आंगन में रेंग रहे एक बड़े अजगर पर पड़ी. रात के अंधेरे में करीब 9 फीट लंबे अजगर को देखकर घर के लोग सहम गए और तुरंत इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी. देखते ही देखते नरेंद्र जोशी के घर के बाहर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई.
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी गई. सूचना मिलते ही सहायक वनपाल पिंटू यादव और हर्षवर्धन सिंह बिना कोई समय गंवाए मौके पर पहुंचे. वन विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को संभाला और अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू करने का प्रयास शुरू किया.

सहायक वनपाल पिंटू यादव और हर्षवर्धन सिंह ने कड़ी मशक्कत और सावधानी के साथ अजगर पर काबू पाया और उसे सुरक्षित एक बोरे में रेस्क्यू कर लिया. अजगर के सफलतापूर्वक पकड़े जाने के बाद नरेंद्र जोशी के परिवार और पूरे गांव के लोगों ने राहत की सांस ली.
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मानसून के मौसम में अक्सर झाड़ियों और जंगलों से निकलकर वन्य जीव रिहायशी इलाकों का रुख कर लेते हैं. उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि ऐसी स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत वन विभाग को सूचना दें. बाद में रेस्क्यू किए गए अजगर को गांव से दूर प्राकृतिक आवास (सुरक्षित जंगल) में छोड़ दिया गया.

