बांसवाड़ा आंबापुरा थाना क्षेत्र के महेशपुरा (झेर पाड़ा) गांव में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. यहाँ किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा करीब 2 से 3 महीने के एक मासूम नवजात बच्चे को कड़कड़ाती ठंड/सड़क किनारे कंबल में लपेटकर लावारिस हालत में छोड़ दिया गया. ग्रामीणों की सतर्कता से बच्चे को सुरक्षित बचाकर अस्पताल पहुँचाया गया है.
रोने की आवाज सुनकर पहुँचे ग्रामीण

आंबापुरा थाने के एएसआई पारचंद ने जानकारी देते हुए बताया कि शाम के समय महेशपुरा के झेर पाड़ा गांव में सीसी सड़क के पास खेत में काम कर रहे लोगों को एक बच्चे के बिलख-बिलखकर रोने की आवाज सुनाई दी. जब ग्रामीणों ने पास जाकर देखा, तो झाड़ियों के पास सड़क किनारे कंबल में लिपटा हुआ 2 से 3 महीने का एक मासूम बच्चा मिला.
दंपती ने दिखाया मानवीय चेहरा, रात को सुरक्षित रखा
बच्चे की रोने की आवाज सुनकर मौके पर पहुँचे गांव के रंगु पिता मोगजी और उनकी पत्नी ने संवेदनशीलता और मानवीयता दिखाई. वे बच्चे को तुरंत अपने घर ले गए, उसे गरम कपड़े पहनाए और सुरक्षित रखा. इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी.
पुलिस ने शिशु गृह में कराया सुरक्षित भर्ती
कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही आंबापुरा पुलिस टीम मौके पर पहुँची और बच्चे को अपने संरक्षण में लिया. पुलिस देर रात करीब 12 बजे बच्चे को लेकर महात्मा गांधी (एमजी) अस्पताल पहुँची, जहाँ प्राथमिक स्वास्थ्य जांच के बाद उसे सुरक्षित शिशु गृह में भर्ती कराया गया. आंबापुरा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और बच्चे को छोड़कर जाने वाले निर्दयी परिजनों/अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुट गई है.

