बांसवाड़ा आनंदपुरी थाना क्षेत्र के फलवा गांव में चोरी का एक अनोखा और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां अज्ञात चोरों ने एक ग्रामीण के घर को निशाना बनाते हुए करीब 80 किलो वजनी बकरा और 200 मुर्गियां पार कर दीं. सुबह जब परिजनों की आंख खुली तो मौके से बकरा और मुर्गियां गायब देख उनके होश उड़ गए.
रात के अंधेरे में दिया वारदात को अंजाम
पीड़ित शांतिलाल पटेल पुत्र रामलाल रोत ने आनंदपुरी थाने में दी अपनी शिकायत में बताया कि रोजाना की तरह रात को बकरे को घर के आंगन में सुरक्षित बांधा गया था, वहीं सभी मुर्गियों को बाड़े में बनी जाली के अंदर रखा गया था. रात के अंधेरे में चोरों ने बड़ी चालाकी से वारदात को अंजाम दिया और 80 किलो भारी बकरे व 200 मुर्गियों को चुराकर ले गए.
पैरों के निशान से चोरों का सुराग तलाशने की कोशिश
सुबह जब शांतिलाल उठे तो न तो बकरा अपनी जगह पर था और न ही मुर्गियों की कोई आहट मिली. पीड़ित ने आसपास के इलाकों में काफी तलाश की और ग्रामीणों से पूछताछ भी की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली. पीड़ित के अनुसार, घटनास्थल पर किसी अज्ञात संदिग्ध व्यक्ति के पैरों के निशान स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं, जिससे यह साफ है कि वारदात में एक से अधिक आरोपी शामिल हो सकते हैं.
पीड़ित ने की कार्रवाई और बरामदगी की मांग
पीड़ित परिवार का कहना है कि इस चोरी से उनका बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है. उन्होंने आनंदपुरी पुलिस स्टेशन में लिखित प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच करने, आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने तथा चोरी हुए बकरे और मुर्गियों को बरामद कराने की गुहार लगाई है. पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

