डूंगरपुर की साबला तहसील अंतर्गत वणवासा गांव में संचालित अंग्रेजी शराब की दुकान को बंद करवाने की मांग को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा है. गांव में लगातार बढ़ रही आपराधिक गतिविधियों से परेशान ग्रामीणों ने जिला आबकारी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शराब की दुकान को तुरंत प्रभाव से बंद करने या अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की है.
मुख्य सड़क पर शराब की दुकान, असामाजिक तत्वों का डेरा
ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि शराब की दुकान गांव की मुख्य सड़क पर स्थित है. इसके कारण यहां सुबह से देर रात तक शराबियों और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है. शराब के नशे में ये लोग आने-जाने वाले राहगीरों, महिलाओं और स्कूली बच्चों के साथ अभद्रता करते हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है.
युवक के साथ मारपीट और लूट की घटना से बढ़ा आक्रोश
ग्रामीणों के अनुसार, शराब की दुकान के कारण गांव में कानून-व्यवस्था बिगड़ती जा रही है. हाल ही में 29 जुलाई की रात करीब 9 बजे गांव निवासी बलवीर सिंह पुत्र लक्ष्मण सिंह चौहान के साथ शराब की दुकान के सामने खड़े असामाजिक तत्वों ने बिना वजह मारपीट की और उनसे नकदी लूट ली. इस वारदात के बाद से ही ग्रामीणों का गुस्सा चरम पर है. पीड़ित परिवार ने इस संबंध में साबला थाने में मामला दर्ज कराया है.
मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों का कहना है कि यदि वणवासा में संचालित इस शराब की दुकान को जल्द से जल्द बंद नहीं कराया गया, तो गांव के वातावरण को सुरक्षित बनाए रखने के लिए वे उग्र आंदोलन करने पर मजबूर होंगे. ज्ञापन सौंपने के दौरान पीड़ित परिवार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.

