Headlines

डूंगरपुर: मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक घोषित न करने पर कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, पीएम मोदी और केंद्रीय मंत्री का पुतला फूंका

डूंगरपुर मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक घोषित नहीं किए जाने के विरोध में शुक्रवार को डूंगरपुर जिला कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जिला कलेक्ट्री पर जोरदार प्रदर्शन किया. डूंगरपुर विधायक एवं जिलाध्यक्ष गणेश घोघरा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में एकत्र हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की वादाखिलाफी पर जमकर नारेबाजी की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का पुतला दहन किया.

2022 में किया गया वादा अब तक अधूरा

प्रदर्शन के दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक गणेश घोघरा ने केंद्र सरकार पर सीधा हमला बोला. उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में मानगढ़ धाम आगमन के दौरान खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे राष्ट्रीय स्मारक घोषित करने का सार्वजनिक आश्वासन दिया था. हालांकि, वर्षों बीत जाने के बाद भी उस वादे पर कोई अमल नहीं किया गया, जो केंद्र सरकार की नीयत पर सवाल खड़े करता है.

आदिवासी अस्मिता और शहादत का अपमान

घोघरा ने कहा कि मानगढ़ धाम केवल एक ऐतिहासिक स्थल नहीं, बल्कि देश के आदिवासी समाज की आस्था, स्वाभिमान और अदम्य साहस का प्रतीक है. स्वतंत्रता संग्राम के दौरान यहां हजारों आदिवासी वीरों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी. इस पावन धरा को राष्ट्रीय स्मारक का दर्जा न देना सीधे तौर पर आदिवासी समाज के गौरवशाली इतिहास और उनकी जनभावनाओं का अनादर है.

उग्र आंदोलन की चेतावनी

कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि केंद्र सरकार बिना किसी देरी के मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करने की आधिकारिक अधिसूचना जारी करे. प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि आदिवासियों के इस हक को जल्द पूरा नहीं किया गया, तो कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को लेकर सड़क से लेकर संसद तक आंदोलन को और अधिक उग्र करेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *