Headlines

प्रतापगढ़: विद्यालय की छात्राओं ने किया थाने का शैक्षणिक भ्रमण, सीखीं महिला सुरक्षा व साइबर कानून की बारीकियां

प्रतापगढ़ धमोतर पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा युवाओं में कानून के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने के उद्देश्य से एक सराहनीय पहल की गई है. क्षेत्र के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सिद्धपुरा की छात्राओं ने शुक्रवार को धमोतर थाना परिसर का शैक्षणिक भ्रमण किया. इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को थाना परिसर की कार्यप्रणाली दिखाने के साथ-साथ कानूनी अधिकारों और सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं.

थाना प्रभारी ने दिए कानूनी सुरक्षा के टिप्स

भ्रमण के दौरान थाना प्रभारी घिसूलाल ने छात्राओं को पुलिस की दैनिक कार्यप्रणाली से परिचित कराया. उन्होंने छात्राओं को महिला सुरक्षा, पॉक्सो एक्ट, साइबर अपराधों से बचाव, आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों (जैसे 112) और डायल 100/1090 की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी. थाना प्रभारी ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि किसी भी विपरीत परिस्थिति में घबराने की जरूरत नहीं है, पुलिस सदैव उनकी सुरक्षा और सहायता के लिए तत्पर है.

जिज्ञासा और सवालों के दिए सरलता से जवाब

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने भी पुलिस प्रशासन और कानून व्यवस्था को लेकर अपनी उत्सुकता जाहिर की. छात्राओं ने एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया, थाने की व्यवस्थाओं और साइबर क्राइम से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका थानाधिकारी ने बेहद ही सरल और सहज भाषा में समाधान किया.

पुलिस-पब्लिक संवाद मजबूत करने की पहल

विद्यालय की प्रधानाचार्य सुमन मीणा ने बताया कि इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में कानूनी जागरूकता बढ़ाना, उनके मन से पुलिस का डर दूर करना और एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में उनकी समझ को विकसित करना था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *