Headlines

सलूम्बर: 10 हजार रुपये रिश्वत लेते खाद्य सुरक्षा अधिकारी रंगे हाथों गिरफ्तार, ACB की बड़ी कार्रवाई

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की उदयपुर इकाई ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय, सलूम्बर के खाद्य सुरक्षा अधिकारी घनश्याम सिंह सोलंकी को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. आरोपी अधिकारी व्यापारी से दुकान के निरीक्षण और सैंपलिंग के नाम पर अवैध वसूली कर रहा था.

दुकानदार को दी जेल भिजवाने की धमकी

ACB के महानिदेशक पुलिस गोविंद गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने उदयपुर एसीबी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी. परिवादी की डगार गांव में पुश्तैनी किराना दुकान और सलूम्बर मंडी में कोल्ड ड्रिंक एजेंसी है. आरोप है कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी घनश्याम सिंह सोलंकी निरीक्षण और सैंपल लेने के नाम पर बेवजह दबाव बना रहा था. आरोपी ने जुर्माना लगाने, मामला दर्ज करने और जेल भिजवाने की धमकी देकर दोनों दुकानों से साल में दो बार 20-20 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी.

सत्यापन के बाद एसीबी ने बिछाया जाल

शिकायत के सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई. सत्यापन के दौरान ही आरोपी ने परिवादी से सरकारी वाहन में डगार स्थित दुकान के 10,000 रुपये ले लिए थे, जबकि सलूम्बर मंडी स्थित एजेंसी के 10,000 रुपये बाद में लेना तय किया था.

मांग की पुष्टि होने के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनंत कुमार के निर्देशन और पुलिस निरीक्षक रामसुमेर मीणा के नेतृत्व में ट्रैप टीम ने दबिश दी. आरोपी अधिकारी को उसके कार्यालय परिसर में ही परिवादी से 10,000 रुपये नकद रिश्वत लेते रंगे हाथों धर दबोचा गया.

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज

ACB की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में आरोपी से पूछताछ जारी है. एसीबी ने आमजन से अपील की है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ टोल फ्री नंबर 1064 या व्हाट्सएप नंबर 94135-02834 पर शिकायत दर्ज कराएं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *