बांसवाड़ा शहर के कमर्शियल कॉलोनी स्थित एक सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये की चोरी करने की वारदात का राजतालाब थाना पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए शातिर नकबजन को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 8 लाख रुपये नकद, करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात तथा चोरी की राशि से खरीदा गया एक नया मोबाइल बरामद किया है.
ताला तोड़कर उड़ाए थे 8 लाख नकद और जेवरात


राजतालाब थानाधिकारी श्यामसिंह ने बताया कि 9 अगस्त को प्रार्थी अरुणसिंह चावड़ा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी. पीड़ित दोपहर में अपने किराए के मकान पर ताला लगाकर पैतृक गांव करजूपुर गया था. शाम को लौटने पर मुख्य दरवाजे और तिजोरी का ताला टूटा मिला. तिजोरी में रखे 8 लाख रुपये नकद, 17.6 ग्राम सोने के जेवर और 250 ग्राम चांदी के आभूषण गायब थे.
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर से हत्थे चढ़ा आरोपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना पर संदिग्ध विजयपाल उर्फ ‘टाइमपास’ (20), निवासी रोहनिया खुर्द (पीपलखूंट, प्रतापगढ़) को हिरासत में लिया. कड़ी पूछताछ में उसने वारदात कबूल कर ली.
आरोपी पर पहले से दर्ज हैं 5 मुकदमे
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शत-प्रतिशत मशरूका बरामद कर लिया है. शातिर आरोपी पर पूर्व में भी चोरी और नकबजनी के 5 मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर एक दिन का पीसी रिमांड हासिल किया है. फिलहाल उससे अन्य वारदातों और संभावित साथियों के संबंध में पूछताछ जारी है.

