Headlines

डूंगरपुर: जंगल में पेड़ से लटका मिला बुजुर्ग का शव, पुलिस जांच में जुटी

डूंगरपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां रामसागड़ा थाना क्षेत्र के जालूकुआं गांव में एक बुजुर्ग ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. बुजुर्ग का शव गांव के समीप वन विभाग के जंगल में पेड़ से लटका हुआ मिला. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.

बेटे को फोन पर मिली पिता के आत्महत्या की सूचना

मामले की जानकारी देते हुए रामसागड़ा थाने के हेड कांस्टेबल राजेंद्र बुनकर ने बताया कि जालूकुआं निवासी दिनेश मेणात ने इस संबंध में थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है. रिपोर्ट के अनुसार, दिनेश के चचेरे भाई ने उसे फोन करके सूचना दी कि उसके पिता बापू मेणात ने गांव के पास स्थित वन विभाग के जंगल में एक पेड़ से रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है.

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव

घटना की जानकारी मिलते ही मृतक बापू मेणात का बेटा दिनेश और अन्य ग्रामीण व परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने शव को पेड़ से लटका देखा. इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई. रामसागड़ा पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया. अस्पताल में आवश्यक कागजी कार्रवाई और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया.

आत्महत्या के कारणों का अब तक खुलासा नहीं

फिलहाल बुजुर्ग द्वारा उठाए गए इस खौफनाक कदम के पीछे के कारणों का पता नहीं चल पाया है. पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर मामला दर्ज कर लिया है और हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है, ताकि आत्महत्या की असल वजह का पता लगाया जा सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *