Headlines

बांसवाड़ा: दानपुर के पास गोपालपुरी में दर्दनाक हादसा, गर्म पानी के तपेले में गिरा डेढ़ साल का मासूम, 50% झुलसा

बांसवाड़ा दानपुर थाना क्षेत्र के पास स्थित गोपालपुरी गांव में बीती रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई है. घर में खेलते समय डेढ़ वर्ष का मासूम बच्चा चूल्हे पर रखे खौलते पानी के तपेले (पतीले) में गिरकर बुरी तरह झुलस गया. हादसे में बच्चा 50 प्रतिशत से अधिक जल गया है, जिसे गंभीर अवस्था में परिजनों द्वारा तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है.

चावल बनाने के लिए चूल्हे पर रखा था पानी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना बीती रात करीब साढ़े 8 बजे की है. गोपालपुरी निवासी मासूम के पिता दिनेश ने बताया कि रात के समय घर में परिजनों के लिए खाना (चावल) पकाने की तैयारी चल रही थी. इसके लिए चूल्हे पर तपेले में पानी गर्म होने के लिए रखा गया था.

संतुलन बिगड़ने से हुआ दर्दनाक हादसा

इसी दौरान दिनेश का डेढ़ वर्षीय मासूम पुत्र अविनाश घर के अंदर खेल रहा था. खेलते-खेलते अचानक बच्चे का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे चूल्हे पर रखे खोलते पानी से भरे तपेले पर जा गिरा. तपेला पलटने से खौलता हुआ पानी मासूम के शरीर पर गिर गया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया.

चीख-पुकार के बीच अस्पताल पहुंचाया

हादसे के तुरंत बाद मासूम की चीख-पुकार सुनकर घर में हड़कंप मच गया. परिजनों ने आनन-फानन में झुलसे हुए बच्चे को संभाला और बिना समय गंवाए अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों के अनुसार बच्चा लगभग 50 फीसदी से ज्यादा झुलस चुका है और उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है. फिलहाल मेडिकल टीम मासूम के इलाज में जुटी हुई है। इस घटना के बाद से ही परिवार में कोहराम मचा हुआ है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *