Headlines

प्रतापगढ़: ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत कार्रवाई: 11 ग्राम अवैध एमडी के साथ आरोपी गिरफ्तार, बलेनो कार जब्त

प्रतापगढ़ जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत अरनोद थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक कार सवार से 11 ग्राम अवैध एमडी (मेफेड्रोन) बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया है. इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मारुति सुजुकी बलेनो कार को भी जब्त कर लिया गया है.

नाकाबंदी देखकर भागने की कोशिश

जिला पुलिस अधीक्षक विशाल जॉगिड के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयदेव सियाग और अरनोद वृत्त उप अधीक्षक चन्द्रशेखर पालीवाल के मार्गदर्शन में थानाधिकारी शिवलाल मीणा के नेतृत्व में 19 अगस्त को विशेष अभियान चलाया गया.

उप निरीक्षक दिलीप सिंह पुलिस जाप्ते के साथ नौगावां पुलिस चौकी के सामने सघन नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे. इसी दौरान नौगावां की ओर से आ रही एक संदिग्ध बलेनो कार के चालक ने पुलिस को देखते ही तेज रफ्तार में गाड़ी भगाकर भागने का प्रयास किया.

तलाशी में प्लास्टिक की थैली से मिली एमडी

पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी कर कार को रोक लिया. गाड़ी चालक से कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम सलमान खान (34 वर्ष), पिता आजाद खान, निवासी देवल्दी (थाना अरनोद, जिला प्रतापगढ़) बताया.

चालक की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर जब पुलिस ने उसकी तलाशी ली, तो उसके पास से एक प्लास्टिक की थैली बरामद हुई. जांच और वजन करने पर उसमें 11 ग्राम अवैध एमडी (मेफेड्रोन) पाई गई.

एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज

पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ और परिवहन में प्रयुक्त कार को तुरंत प्रभाव से जब्त कर आरोपी सलमान खान को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के खिलाफ अरनोद थाने में धारा 8/22 एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि नशे की इस सप्लाई चेन और मुख्य तस्करों का सुराग लगाया जा सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *