Headlines

बांसवाड़ा: शादी में डांस के दौरान विवाद में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, 4 आरोपी गिरफ्तार

बांसवाड़ा जिले के सदर थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान हुए विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया. डीजे पर डांस करने के दौरान हुई बहस के बाद एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया. पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.

डांस के दौरान झगड़ा, पसलियों में घोंपा चाकू

सदर थानाधिकारी रूपसिंह ने बताया कि मलवासा प्रथम निवासी तोलिया ने थाने में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी. रिपोर्ट के अनुसार, उनका बेटा राहुल और उसका दोस्त राजकुमार 27 मई को कालीपान मलवासा में एक शादी समारोह में गए थे. रात करीब 1 बजे शादी के नौतरे के दौरान राजकुमार के रिश्तेदार गोविंद का राहुल के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया. विवाद इतना बढ़ गया कि गोविंद और उसके 4-5 साथियों ने राहुल को घेरकर बुरी तरह पीटा और उसकी पसलियों में तीन-चार बार चाकू घोंप दिया.

गंभीर हालत में उदयपुर रेफर

हमले में लहूलुहान हुए राहुल को परिजनों द्वारा तुरंत बांसवाड़ा के महात्मा गांधी (एमजी) अस्पताल ले जाया गया. शरीर से काफी खून बह जाने के कारण उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे उदयपुर अस्पताल रेफर कर दिया. पुलिस ने पिता की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की.

पुलिस की कार्रवाई में ये आरोपी हुए गिरफ्तार

पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है:

  • गोविन्द (21 वर्ष) पुत्र रामा, निवासी घीवापाड़ा, सागड़ोद (मुख्य आरोपी)
  • राहुल (19 वर्ष) पुत्र गटू, निवासी घीवापाड़ा, सागड़ोद
  • राहुल (21 वर्ष) पुत्र हरिश, निवासी घीवापाड़ा, सागड़ोद
  • रामलाल उर्फ गलिया (19 वर्ष) पुत्र हरिश, निवासी घीवापाड़ा, सागड़ोद

तीन आरोपी जेल भेजे गए, मुख्य आरोपी रिमांड पर

थानाधिकारी ने बताया कि सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। कोर्ट के आदेश पर तीन आरोपियों को न्यायिक हिरासत (जेल) भेज दिया गया है. वहीं, मुख्य आरोपी गोविन्द को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जिससे घटना में प्रयुक्त हथियार और अन्य साथियों के बारे में गहन पूछताछ की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *