Headlines

प्रतापगढ़: जर्जर स्कूल भवन पर भड़का छात्रों का गुस्सा, मुख्य गेट पर ताला जड़कर किया प्रदर्शन, छत से टपकता है पानी

प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय से महज दो किलोमीटर दूर करमदी खेड़ा-दरियाबाद रोड स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पांच अमली में मूलभूत सुविधाओं की भारी कमी से परेशान विद्यार्थियों के सब्र का बांध बुधवार को टूट गया. जर्जर छत और कमरों की किल्लत से जूझ रहे छात्र-छात्राओं ने आक्रोशित होकर विद्यालय के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया और जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया.

बरसात में छत से टपकता है पानी, हादसे का डर

विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों का कहना है कि पर्याप्त कमरे न होने के कारण उन्हें बैठने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है. बारिश के मौसम में स्थिति और भी विकट हो जाती है. स्कूल की छत इतनी जर्जर हो चुकी है कि उसमें से लगातार पानी टपकता है. इससे न केवल उनकी पढ़ाई बाधित होती है, बल्कि हर वक्त किसी बड़े हादसे का खतरा भी बना रहता है. टपकते पानी के बीच जान जोखिम में डालकर बैठना विद्यार्थियों और शिक्षकों दोनों के लिए मजबूरी बन चुका है.

अतिरिक्त कक्ष निर्माण और मरम्मत की मांग

प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों और स्थानीय ग्रामीणों ने जिला प्रशासन व शिक्षा विभाग से मांग की है कि स्कूल की जर्जर छत की तुरंत मरम्मत कराई जाए और विद्यार्थियों की संख्या के हिसाब से नए अतिरिक्त कक्षों का निर्माण कराया जाए.

प्रशासनिक अनदेखी से ग्रामीणों में भी रोष

जिला मुख्यालय के इतने करीब स्थित स्कूल की इस बदहाली को लेकर ग्रामीणों में भी भारी रोष है. स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत विद्यालय का प्रशासनिक निरीक्षण कराने और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की मांग की है. विद्यार्थियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का स्थाई समाधान नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *