प्रतापगढ़ जिले के धरियावद नगर में इन दिनों एक ‘पंखा चोर गिरोह’ का आतंक छाया हुआ है. चोरों के एक अनोखे और शातिराना अंदाज ने स्थानीय व्यापारियों की नींद उड़ा कर रख दी है. पिछले करीब एक सप्ताह से अज्ञात बाइक सवार चोर चलती बाइक से दुकानों के बाहर रखे पंखे उठाकर पलक झपकते ही फरार हो रहे हैं. इस अनोखी चोरी से पूरे इलाके में सनसनी के साथ-साथ व्यापारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है.
चलती बाइक से पंखा उठा कर हो जाते हैं रफूचक्कर
जानकारी के अनुसार, चोर मुख्य रूप से इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकानों को अपना निशाना बना रहे हैं. दिन के समय या दुकानदारों की नजर हटते ही बाइक सवार बदमाश दुकान के बाहर डिस्प्ले के लिए रखे पंखों को उठाकर तेजी से निकल जाते हैं. पिछले 7 दिनों के भीतर नगर की अलग-अलग दुकानों पर इस तरह की कई वारदातें सामने आ चुकी हैं, जिससे व्यापारी वर्ग सहमा हुआ है.
CCTV में कैद हुई तस्वीरें
लगातार हो रही इन वारदातों के बाद पीड़ित दुकानदारों ने धरियावद पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज करवाई है. घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगालने पर दो संदिग्ध बाइक सवार युवकों की तस्वीरें भी सामने आई हैं.
जल्द कार्रवाई की मांग
नगर के बीचों-बीच दिनदहाड़े हो रही इस तरह की वारदातों ने पुलिस प्रशासन की गश्त व्यवस्था और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की जल्द से जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए और व्यापारियों के सामान की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए.

