Headlines

प्रतापगढ़: दाऊदी बोहरा समाज ने धूमधाम से मनाया ईद मिलादुन्नबी, भव्य जुलूस में स्काउट बैंड की प्रस्तुति ने मोहा मन

प्रतापगढ़ शहर में दाऊदी बोहरा समाज की ओर से पैगंबर मोहम्मद साहब के यौम-ए-पैदाइश ईद मिलादुन्नबी का पर्व अत्यंत हर्षोल्लास, धार्मिक उत्साह और भाईचारे के माहौल में मनाया गया. इस अवसर पर दरगाह काका साहब से एक विशाल और भव्य जुलूस निकाला गया, जिसमें समाज के सभी वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया.

यह भव्य जुलूस दरगाह काका साहब से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों महात्मा गांधी रोड, सूरजपोल, गांधी चौराहा, सदर बाजार, मानक चौक, झंडा गली और सालमपुरा से होता हुआ बोहरा गली स्थित समाज की ऐतिहासिक बुरहानी मस्जिद पहुंचा. जुलूस के दौरान मार्ग में जगह-जगह सामाजिक सौहार्द का सुंदर दृश्य देखने को मिला.

स्काउट बैंड और घोड़ों पर सवार बच्चों ने खींचा ध्यान

जुलूस का मुख्य आकर्षण जमाली स्काउट बैंड की शानदार प्रस्तुति रही. सूरजपोल चौराहे पर करीब 10 मिनट तक स्काउट बैंड ने अपनी मधुर धुनों पर आकर्षक मार्च पास्ट किया. इस मनोरम प्रस्तुति को देखने के लिए बड़ी संख्या में शहरवासी और समाजजन चौराहे पर एकत्र हुए और तालियों से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया. जुलूस में शामिल लोग हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा और ‘ईद मिलादुन्नबी मुबारक’ लिखे झंडे लेकर चल रहे थे. बच्चों में भी खासा उत्साह देखा गया, जहां कई बच्चे पारंपरिक वेशभूषा में घोड़ों की सवारी करते हुए जुलूस में शामिल हुए.

पुष्प वर्षा कर किया स्वागत

सूरजपोल दरवाजे पर अंजुमन फुरकानिया के सदर सहित मुस्लिम समाज के वरिष्ठ प्रबुद्धजनों ने स्थानीय आमिल शेख शब्बीर भाई नजमी एवं बोहरा समाज के गणमान्य लोगों का फूल-माला पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया.

प्रशासनिक व्यवस्थाओं की सराहना

धार्मिक उल्लास के साथ-साथ इस आयोजन ने सामाजिक सद्भाव का मजबूत संदेश दिया. समाजजनों ने शांति, सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन के माकूल इंतजामों की सराहना की और उनका आभार व्यक्त किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *