डूंगरपुर जिले में तेज रफ्तार और सड़कों पर जानलेवा स्टंटबाजी करने वाले मनचले चालकों के खिलाफ धंबोला थाना पुलिस ने शिकंजा कसा है. पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों की 15 पावर बाइक जब्त की हैं.
पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देशों के तहत जिले भर में युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने और हुड़दंगियों पर लगाम लगाने के लिए ‘ऑपरेशन संस्कार’ चलाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत सोमवार, 24 अगस्त को धंबोला थाना क्षेत्र में पुलिस टीम ने नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया. इस दौरान तेज गति से बाइक दौड़ाने, खतरनाक तरीके से ओवरटेकिंग करने और सड़कों पर स्टंट करने वाले चालकों को रोका गया.
मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके पर ही 15 पावर बाइक्स को डिटेन कर थाने में खड़ा करवा दिया. अचानक हुई इस कार्रवाई से स्टंटबाजों और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वालों में हड़कंप मच गया.
यह पूरी कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खीवरसिंह तथा सीमलवाड़ा वृत्ताधिकारी मदनलाल बिश्नोई के सुपरविजन में आयोजित की गई. वहीं, धंबोला थाना प्रभारी चंद्रशेखर कलानिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विभिन्न प्रमुख चौराहों और संवेदनशील मार्गों पर नाकेबंदी कर वाहनों की जांच की.
थाना प्रभारी ने बताया कि ‘ऑपरेशन संस्कार’ का मुख्य उद्देश्य युवाओं में सड़क सुरक्षा की भावना जगाना और हादसों पर रोक लगाना है. पुलिस ने चेतावनी दी है कि सार्वजनिक सड़कों पर स्टंट करने और तेज रफ्तार में वाहन चलाकर दूसरों की जान जोखिम में डालने वालों के खिलाफ आगे भी यह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. पुलिस प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने नाबालिग और युवा बच्चों को तेज रफ्तार पावर बाइक देने से बचें और उन्हें यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें.

