उदयपुर जिले के मावली थाना क्षेत्र में नवोदय विद्यालय के पास जवान जी का खेड़ा इलाके में देर रात एक 55 वर्षीय वृद्ध की अज्ञात बदमाशों द्वारा पीट-पीटकर निर्मम हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश व्याप्त है.

खेत पर काम करते थे मृतक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सालोर गांव के रहने वाले गणेश लाल भील (55) जवान जी का खेड़ा क्षेत्र में खेत पर सीजारी का काम करते थे. गुरुवार देर रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे गंभीर चोटें आने के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही मावली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की तफ्तीश शुरू की. फिलहाल हत्या के कारणों और वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों का सुराग नहीं लग पाया है. पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ करने के साथ ही साक्ष्य जुटाने में लगी है.
अवैध शराब बिक्री पर गंभीर सवाल
घटना के बाद मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर गंभीर आरोप लगाए हैं. परिजनों का कहना है कि इलाके में देर रात तक ढाबों और होटलों पर अवैध रूप से शराब परोसी और बेची जा रही है, जिसके कारण आए दिन असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है और ऐसी वारदातें घटित हो रही हैं.
परिजनों ने पुलिस प्रशासन और आबकारी विभाग से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर हत्यारों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए तथा क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री पर सख्त कार्रवाई की जाए.

