Headlines

बांसवाड़ा: बिजली के पोल से फैले करंट की चपेट में आने से किसान की मौत, परिवार में मचा कोहराम

बांसवाड़ा जिले के आंबापुरा थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है. सुरवानिया महेशपुरा गांव में खेत में काम करने के दौरान 44 वर्षीय एक किसान की करंट लगने से मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

लोहे के सपोर्ट तार में उतरा था करंट

मामले की जानकारी देते हुए आंबापुरा थाने के एएसआई गजराज सिंह ने बताया कि मृतक मोती (44) पुत्र नारजी पारगी, सुरवानिया महेशपुरा का निवासी था. मंगलवार सुबह करीब 11 बजे मोती अपने घर से निकलकर पास ही स्थित खेत की ओर जा रहा था. उसके घर के ठीक सामने बिजली का एक पोल लगा हुआ है, जिसे सहारा देने के लिए लोहे का सपोर्टिंग वायर (तान) बांधा गया था.

अचानक संतुलन बिगड़ने या अनजाने में मोती का हाथ उस लोहे के तार से छू गया. तार में पहले से ही तेज करंट दौड़ रहा था, जिसकी चपेट में आने से मोती बुरी तरह झुलस गया और मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा.

अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत

हादसे को देखते ही आसपास मौजूद लोग और परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे. आनन-फानन में परिजन मोती को गंभीर हालत में जिला अस्पताल (महात्मा गांधी अस्पताल) ले गए. हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने स्वास्थ्य जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा

सूचना मिलने पर आंबापुरा पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया. पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाया और उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों के सुपुर्द कर दिया. पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में मौत का कारण करंट लगना ही लग रहा है, बाकी रिपोर्ट आने के बाद स्थिति पूरी तरह साफ होगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *