उदयपुर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे-48 पर मंगलवार देर रात खेरवाड़ा टोल नाके के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. राजस्थान से घूमकर वापस गुजरात लौट रहे एक ही परिवार की इनोवा कार हाईवे किनारे खड़े वाहन से टकरा गई. इस भीषण दुर्घटना में कार सवार बालक सहित कुल छह लोग घायल हो गए.
राजस्थान घूमने आए थे गुजरात के निवासी
मिली जानकारी के अनुसार गुजरात के जमालपुरा (नाडियावाड़) निवासी अतीक पुत्र अवेश भाई सोजतवाला, आसिफ पुत्र अब्दुल रहमान केलावाला, अशरफ पुत्र आसिफ, नफीसा पत्नी अवेश भाई, अस्मा पत्नी आसिफ और अवेश पुत्र शमशुद्दीन कार से उदयपुर घूमने आए थे. मंगलवार देर रात सभी लोग अपनी इनोवा कार से वापस अहमदाबाद लौट रहे थे.
टोल नाके के पास हुआ हादसा
देर रात करीब 11 बजे जैसे ही उनकी इनोवा कार हाईवे-48 पर स्थित खेरवाड़ा टोल नाके के पास पहुंची, तभी कार अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खड़े एक वाहन के पिछले हिस्से से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी छह लोग घायल हो गए.
प्राथमिक उपचार के बाद गुजरात रवाना
हादसे की सूचना तुरंत एनएचएआई की हाईवे एंबुलेंस 1033 को दी गई. सूचना मिलते ही एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और लहूलुहान हालत में सभी घायलों को तुरंत डूंगरपुर जिला अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया.
चोटें ज्यादा गंभीर न होने के कारण और प्राथमिक इलाज मिलने के बाद, परिजन अपनी दूसरी गाड़ी का इंतजाम कर घायलों को आगे के उपचार व देखभाल के लिए अहमदाबाद रवाना हो गए. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

