बांसवाड़ शहर के सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बोरखड़िया पाड़ा झुपेल में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहाँ पिछले शुक्रवार से अचानक लापता हुई एक 23 वर्षीय विवाहिता का शव उसके घर से करीब दो किलोमीटर दूर जंगल में एक नीम के पेड़ से लटका हुआ मिला. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. मृतका की पहचान लीला पत्नी परमेश मईड़ा के रूप में की गई है.
कपड़ों से हुई सड़े-गले शव की शिनाख्त
सदर थाने के एएसआई कांतिलाल हाड़ा ने बताया कि महिला पिछले 7 दिनों से बिना बताए घर से लापता थी, जिसकी परिजन अपने स्तर पर तलाश कर रहे थे. जब उसका शव जंगल में मिला, तो वह पूरी तरह से सड़ चुका था. शव की स्थिति इतनी खराब हो चुकी थी कि चेहरा पहचान पाना भी नामुमकिन था. इसके बाद पुलिस ने मृतका के परिजनों को मौके पर बुलाया, जिन्होंने महिला के कपड़ों को देखकर उसकी शिनाख्त लीला के रूप में की. प्रारंभिक जांच के अनुसार, महिला ने अपनी ही साड़ी का फंदा बनाकर पेड़ से सुसाइड किया है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवाया, जहां शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
तीन मासूम बच्चियों के सिर से उठा मां का साया, दामाद पर गंभीर आरोप
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतका लीला की तीन छोटी-छोटी बच्चियों के सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया है. वहीं घटना को लेकर मृतका के पीहर पक्ष (मायके वालों) ने दामाद और उसके परिवार पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं. मृतका के पिता रामजी पुत्र हुका (निवासी कुल्लरखेड़ी बोरिया, थाना आबापुरा) ने पुलिस में दर्ज कराई रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि उसका दामाद परमेश आए दिन लीला के साथ लड़ाई-झगड़ा और मारपीट करता था. करीब 15 दिन पहले भी उसने लीला को बुरी तरह पीटा था. पिता ने दामाद और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर बेटी को प्रताड़ित करने और मौत के मुंह में धकेलने की शंका जाहिर की है.
पुलिस मामले की गहनता कर रही जांच
सदर थाना पुलिस ने पीहर पक्ष की शिकायत के आधार पर मर्ग दर्ज कर लिया है और मामले की गहनता से तफ्तीश शुरू कर दी है. एएसआई कांतिलाल ने बताया कि इस पूरे मामले में घरेलू विवाद, प्रताड़ना और आत्महत्या के उकसावे सहित सभी पहलुओं से अनुसंधान किया जा रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और विस्तृत जांच के बाद ही मौत के असली कारणों और स्थिति का पूरी तरह खुलासा हो पाएगा.

