Headlines

बांसवाड़ा: AI से पिस्तौल वाली फोटो बनाकर इंस्टाग्राम पर की पोस्ट, पुलिस ने युवक को किया गिरफ्तार

बांसवाड़ा सोशल मीडिया पर धौंस जमाने और आम जनता में दहशत फैलाने की नीयत से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का गलत इस्तेमाल करने वाले एक युवक को आनंदपुरी थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी ने AI की मदद से हाथ में पिस्तौल लिए खुद की फोटो तैयार की थी और उसे इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया था.

सोशल मीडिया सेल की सूचना पर कार्रवाई

एसपी सुधीर जोशी, एएसपी नरपत सिंह और बागीदौरा डीएसपी श्यामसिंह के निर्देशन में आनंदपुरी थानाधिकारी कपिल पाटीदार व सोशल मीडिया सेल को सूचना मिली थी कि एक युवक हथियारों के साथ तस्वीरें इंटरनेट पर पोस्ट कर रहा है. त्वरित संज्ञान लेते हुए पुलिस टीम ने बड़ातालाब निवासी मोहन (पुत्र मनजी पटेल) को हिरासत में लेकर पूछताछ की.

AI से खुद जनरेट की थी नकली पिस्तौल वाली फोटो

कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने कबूल किया कि उसने असली हथियार की जगह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का इस्तेमाल कर पिस्तौल के साथ अपनी फर्जी फोटो जनरेट की थी. इसके बाद उसने लोगों में अपना रौब झाड़ने और डर पैदा करने के उद्देश्य से फोटो को अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर साझा कर दिया था.

पुलिस ने बीएनएसए के तहत दर्ज किया मामला

पुलिस ने आरोपी मोहन के खिलाफ बीएनएसए (BNSA) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. इस कार्रवाई में थानाधिकारी कपिल पाटीदार, एएसआई दिव्यजीतसिंह, कांस्टेबल भीष्मप्रतापसिंह और टोंकारसिंह की विशेष भूमिका रही.

जिला पुलिस ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर भय फैलाने वाले या AI का गलत इस्तेमाल करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *