राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है. आंबापुरा थाना क्षेत्र के निचली नाल गांव में गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई. यह हादसा उस वक्त हुआ जब एक परिवार अपने ससुराल में आयोजित मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही काल ने दस्तक दे दी.
नोतरा कार्यक्रम में जा रहा था परिवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आदर्श नगर गोरड़ी निवासी लाबु पुत्र सवेंग अपनी पत्नी काली और मात्र डेढ़ साल के मासूम बच्चे के साथ बाइक पर सवार होकर अपने ससुराल देवगढ़ जा रहे थे. परिवार वहां आयोजित एक ‘नोतरा’ कार्यक्रम (सामाजिक भोज) में शामिल होने के लिए उत्साहित था. रात करीब 10 बजे जब वे निचली नाल के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही एक अनियंत्रित पिकअप ने उनकी खुशियों को रौंद दिया.
15 फीट तक घसीटती ले गई पिकअप
आंबापुरा थाने के एएसआई रवि थापा ने बताया कि पिकअप की रफ्तार इतनी तेज थी कि चालक ने बाइक को सीधी टक्कर मारी. टक्कर के बाद पिकअप बाइक को करीब 15 फीट तक घसीटते हुए ले गई. हृदयविदारक मंजर तब देखने को मिला जब पिकअप का पहिया युवक लाबु के ऊपर से गुजर गया. सिर में गंभीर चोट आने और शरीर के क्षत-विक्षत होने के कारण लाबु ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
पत्नी और बच्चे की बची जान
इस भयानक भिड़ंत में बाइक के परखच्चे उड़ गए, लेकिन पीछे बैठी पत्नी काली और डेढ़ साल के मासूम बच्चे को केवल मामूली चोटें आईं. प्रत्यक्षदर्शियों ने इसे किसी चमत्कार से कम नहीं बताया कि इतनी बड़ी टक्कर के बावजूद मां और बच्चा सुरक्षित बच गए. चीख-पुकार सुनकर जमा हुए राहगीरों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी और घायलों को महात्मा गांधी (MG) अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने लाबु को मृत घोषित कर दिया.
पुलिस की कार्रवाई
हादसे के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटना में शामिल पिकअप को डिटेन (जब्त) कर लिया है और उसे थाने पर खड़ा करवाया गया है. पुलिस ने मृतक के शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है, जहां शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा. पुलिस पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में जुटी है.

