बांसवाड़ा शहर के सबसे व्यस्ततम व्यावसायिक इलाके दहोद रोड पर स्थित चेतक कॉम्प्लेक्स में बीती रात एक बड़ा हादसा हो गया. लगातार हो रही बारिश के कारण कॉम्प्लेक्स का तीन मंजिला बीच का हिस्सा (सीढ़ियों सहित पूरा भारी-भरकम स्लैब) अचानक भरभराकर नीचे गिर गया. गनीमत यह रही कि यह हादसा देर रात करीब 1:00 से 1:30 बजे के बीच हुआ, जब पूरा बाजार बंद था और वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई. सुबह जब लोग पहुंचे, तो वहां मलबे का ढेर देख हड़कंप मच गया और स्थानीय व्यापारियों की भारी भीड़ जमा हो गई.
दिन में होता हादसा तो जा सकती थीं सैकड़ों जानें
चेतक व्यापार मंडल के सदस्य कन्हैयालाल जैन सहित अन्य स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से जारी भारी बारिश के कारण यह पुराना ढांचा कमजोर हो गया था और दबाव नहीं झेल पाने के कारण ढह गया. व्यापारियों का कहना है कि यह कॉम्प्लेक्स बेहद व्यस्त रहता है. अगर यही घटना दिन के समय होती, तो यहां सैकड़ों ग्राहकों और दुकानदारों की आवाजाही रहती है, जिससे भारी तबाही मच सकती थी। अब यह पूरी जर्जर इमारत बेहद खतरनाक स्थिति में पहुंच चुकी है.
एक महीने पहले भी हुआ था बड़ा हादसा, दहशत में लोग
व्यापारियों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए आक्रोश जताया है. उन्होंने बताया कि इस कॉम्प्लेक्स में सुरक्षा मानकों की लगातार अनदेखी की जा रही है. करीब एक महीने पहले भी इसी कॉम्प्लेक्स में भीषण आगजनी की घटना हुई थी, जिसमें 5 से 6 मोटरसाइकिलें जलकर खाक हो गई थीं. आए दिन हो रहे इन हादसों से स्थानीय दुकानदारों और यहां आने वाले आम लोगों में दहशत का माहौल है.
व्यापारियों की मांग: नगर परिषद आयुक्त करें सख्त कार्रवाई
वर्तमान में नगर परिषद बोर्ड नहीं होने के कारण, चेतक व्यापार मंडल ने नगर परिषद आयुक्त और जिला प्रशासन से इस संवेदनशील मामले में तत्काल दखल देने की मांग की है. व्यापार मंडल ने पुरजोर अपील की है कि कॉम्प्लेक्स के मालिक को तुरंत पाबंद कर सख्त नोटिस थमाया जाए और पूरी बिल्डिंग का नए सिरे से मेंटेनेंस करवाया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो.

