Headlines

बांसवाड़ा: घाटोल पुलिस चौकी से महज 40 मीटर दूर ज्वेलरी शॉप में बड़ी चोरी, ग्राहक बनकर आए युवक ने पार किए 13.5 लाख के जेवरात

बांसवाड़ा जिले के घाटोल कस्बे में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब उन्हें पुलिस का भी खौफ नहीं रहा. सोमवार दोपहर को कस्बे में पुलिस चौकी से मात्र 40 मीटर की दूरी पर स्थित एक ज्वेलरी शॉप में चोरी की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया. एक शातिर युवक ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुआ और करीब 13.5 लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात लेकर रफूचक्कर हो गया.

बातों में उलझाकर वारदात को दिया अंजाम

पीड़ित दुकानदार दरवेश कुमार तेजपाल मुंगानिया ने बताया कि दोपहर करीब 1 बजे एक युवक उनकी दुकान पर पहुंचा. उसने सोने के जेवरात खरीदने की इच्छा जताई और दुकानदार को अलग-अलग डिजाइन दिखाने के लिए कहा. जेवरात देखने के बहाने आरोपी ने दुकानदार को अपनी बातों में उलझा लिया और बड़ी ही सफाई से करीब 9 तोला सोने के जेवरात गायब कर दिए. शातिर युवक के दुकान से जाने के कुछ देर बाद जब दुकानदार ने अपना सामान समेटा, तब उसे चोरी का पता चला.

CCTV में कैद हुआ संदिग्ध आरोपी

दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में आरोपी की संदिग्ध हरकतें रिकॉर्ड हुई हैं. फुटेज में युवक जेवरात के बॉक्स के साथ छेड़छाड़ करते और उन्हें चोरी करते हुए दिखाई दे रहा है. सूचना मिलने पर घाटोल थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मौका मुआयना किया. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.

व्यापारियों में भारी रोष और डर का माहौल

पुलिस चौकी की नाक के नीचे दिनदहाड़े हुई इस वारदात से स्थानीय व्यापारियों में गहरा रोष व्याप्त है. व्यापारियों का कहना है कि यदि पुलिस चौकी से मात्र 40 मीटर की दूरी पर दुकानें सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा का क्या होगा. इस घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

घाटोल थानाधिकारी रमेश पन्नू ने बताया कि दुकानदार की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है और उसे पकड़ने के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी किया गया माल बरामद कर लिया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *