Headlines

बांसवाड़ा: कुशलगढ़ में बड़ी चोरी, सूने मकान से 81 किलो चांदी और लाखों के जेवरात पार, CCTV में कट्टे भरकर ले जाते दिखे चोर

बांसवाड़ा जिले के कुशलगढ़ कस्बे में चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां बेखौफ चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब ढाई करोड़ रुपये से अधिक के माल पर हाथ साफ कर दिया. रतलाम रोड स्थित इस मकान से चोरों ने 81 किलो चांदी, भारी मात्रा में सोने के जेवरात और ढाई लाख रुपये नकद चोरी कर लिए. वारदात के समय पीड़ित परिवार शादी समारोह में शामिल होने उज्जैन गया हुआ था.

इत्मीनान से खंगाला पूरा घर

मकान मालिक जितेंद्र कुमार दोसी ने बताया कि वे 4 मई को परिवार सहित बड़नगर (उज्जैन) में एक रिश्तेदार की शादी में गए थे. इसी का फायदा उठाकर 6 मई की रात करीब 3 से 4 बजे के बीच चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा. मकान सूना होने के कारण चोरों ने इत्मीनान से हर कमरे की तलाशी ली. अलमारियों और तिजोरियों के ताले तोड़कर वहां रखे लगभग 81 किलो 40 ग्राम चांदी के गहने (सांकलिया, कंदौरे, पायजेब, कड़ले) और 232 ग्राम सोने के जेवर (हार, चेन, नथ, अंगूठी) समेट लिए. इसके साथ ही 2.5 लाख रुपये की नकदी भी पार कर दी.

CCTV फुटेज में कैद हुई करतूत

चोरी की यह पूरी वारदात पड़ोस में स्थित एक मोबाइल की दुकान के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. फुटेज में साफ दिख रहा है कि चोर चोरी किए गए गहनों और सामान को कट्टों में भरकर ले जा रहे हैं. सुबह जब पड़ोसियों ने ताले टूटे देखे, तो पीड़ित परिवार को सूचना दी. घर लौटने पर सामान बिखरा देख परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई.

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही कुशलगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची. एएसआई धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं. पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को दबोच लिया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *