बांसवाड़ा पुलिस मुख्यालय जयपुर के निर्देशानुसार अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बांसवाड़ा पुलिस ने दो अलग-अलग थानों में बड़ी कार्रवाई की है. जिला पुलिस अधीक्षक (SP) सुधीर जोशी के सुपरविजन में गढ़ी और लोहारिया थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से चाबुक चलाते हुए 2 जेसीबी, 1 डम्पर और 10 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए हैं. इस दौरान अवैध बजरी खनन और परिवहन में लिप्त 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.
1. गढ़ी थाना पुलिस: चाप नदी किनारे दबिश, 2 जेसीबी और 6 ट्रैक्टर जब्त
गढ़ी थानाधिकारी सुरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने कुमजी का पारड़ा गांव में चाप नदी के किनारे चल रहे अवैध बजरी खनन पर अचानक दबिश दी. पुलिस ने मौके से अवैध खनन में प्रयुक्त 2 JCB मशीनें और 6 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कीं. मौके से आरोपी शंकरलाल डोडियार (निवासी जाजुपुरा) को गिरफ्तार किया गया.
2. लोहारिया थाना पुलिस: 1 डम्पर व 4 ट्रैक्टर जब्त, 5 आरोपी गिरफ्तार

दूसरी कार्रवाई में लोहारिया थानाधिकारी जयपालसिंह की टीम ने अपने सर्कल में विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अवैध पत्थरों से भरा 1 डम्पर और 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए. इस मामले में पुलिस ने 5 आरोपियों—दिलीप (28), मुकेश (40), पोज़ा (39), शकर (38) और विजय (30) को गिरफ्तार किया है.
अवैध खनन के खिलाफ जारी रहेगा अभियान: एसपी
एसपी सुधीर जोशी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जिले में अवैध बजरी खनन और परिवहन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि पुलिस का यह शिकंजा आगे भी इसी तरह पूरी सख्ती से जारी रहेगा.

