उदयपुर जिले के गोगुंदा कस्बे में मामूली विवाद के बाद एक युवक की तलवार से वार कर निर्मम हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलने पर गोगुंदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.

पेशाब करने की बात पर शुरू हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना गोगुंदा के खटीक मोहल्ले की है. बताया जा रहा है कि पेशाब करने जैसी मामूली बात को लेकर ओमप्रकाश खटीक और देवीलाल उर्फ राजा बाबू खटीक के बीच कहासुनी हो गई थी. देखते ही देखते यह बहस इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आकर ओमप्रकाश खटीक तलवार उठा लाया और देवीलाल पर ताबड़तोड़ हमले शुरू कर दिए.
मां और भाई के सामने ली जान, मौके पर हुई मौत
आरोपी ने इस खूनी वारदात को मृतक की मां और भाई के सामने ही अंजाम दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमला इतना तेज और घातक था कि देवीलाल उर्फ राजा बाबू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. वारदात के बाद आरोपी के घर के बाहर मृतक का शव खून से लथपथ हालत में मिला. घटना को अंजाम देने के तुरंत बाद आरोपी ओमप्रकाश खटीक मौके से फरार हो गया.
पुलिस टीम गठित, आरोपी की तलाश तेज
घटना की सूचना मिलते ही गोगुंदा थानाधिकारी प्रवीण सिंह राजपुरोहित मय जाब्ते के तुरंत मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और साक्ष्य जुटाए. इसके बाद शव को कब्जे में लेकर गोगुंदा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया. पुलिस ने मृतक के परिजनों की रिपोर्ट पर आरोपी ओमप्रकाश खटीक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. थानाधिकारी ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए विशेष टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है.

