बांसवाड़ा पुलिस मुख्यालय के आदेशानुसार कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बांसवाड़ा पुलिस ने जिले भर में बड़ी और प्रभावी कार्रवाई को अंजाम दिया है. यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरपत सिंह के निर्देशन और समस्त वृत्ताधिकारियों के सुपरविजन में की गई.
मादक पदार्थ और साइबर अपराधियों पर नकेल
अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए थाना सज्जनगढ़ ने एक मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया. आरोपी के पास से 500 ग्राम सूखा गांजा और 8.560 किलोग्राम वजनी गांजे के पौधे जब्त किए गए. वहीं साइबर क्राइम पर लगाम लगाने के लिए जिले के 5 चिन्हित हॉटस्पॉट पर छापेमारी की गई, जिसमें 3 मामले दर्ज कर थाना सदर द्वारा 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया.
सोशल मीडिया पर कसता शिकंजा
थाना दानपुर क्षेत्र में सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी देने का वीडियो बनाने और व्हाट्सएप ग्रुप में महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी करने के मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. सोशल मीडिया सेल द्वारा जिले में कड़ी निगरानी रखी जा रही है और आपत्तिजनक वीडियो को टेकडाउन कराया गया है.
नाकाबंदी, चालान और जागरूकता अभियान
सघन नाकाबंदी के दौरान एम.वी. एक्ट के तहत कुल 665 चालान किए गए, 32 वाहन जब्त हुए तथा 170 बीएनएसएस के तहत 52 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त:
- जागरूकता कार्यक्रम: 5 स्कूलों व सार्वजनिक स्थानों पर साइबर सुरक्षा, पोक्सो एक्ट, नए कानून, हेल्पलाइन नंबर (1090, 1930, 112) और ‘गुड टच-बैड टच’ पर जागरूकता सत्र आयोजित किए गए.
- सी.एल.जी. बैठकें: पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय के लिए 20 मुख्य सीएलजी बैठकें आयोजित की गईं, जिनमें 593 से अधिक प्रबुद्ध नागरिकों ने भाग लिया.

