डूंगरपुर जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस शनिवार को हर्षाेल्लास और देशभक्ति के माहौल के साथ मनाया गया; शहर के लक्ष्मण मैदान में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में जिला कलेक्टर देशलदान ने सुबह 9:05 बजे ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी. राष्ट्रगान के गूंजते ही पूरा मैदान देशभक्ति के जज्बे से सराबोर हो गया.

ध्वजारोहण के बाद जिला कलेक्टर देशलदान और पुलिस अधीक्षक (SP) मनीष कुमार ने परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट की सलामी ली. परेड में राजस्थान पुलिस, स्काउट-गाइड, होमगार्ड और विभिन्न स्कूलों की टुकड़ियों (प्लाटून) ने कदम से कदम मिलाकर तिरंगे को राष्ट्रीय सलामी दी.
स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों और पद्मश्री मूलचंद लोढ़ा का सम्मान

समारोह में देश की आजादी के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों का सम्मान किया गया. इसके साथ ही, समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पद्मश्री अवार्डी मूलचंद लोढ़ा को विशेष रूप से सम्मानित किया गया. इसके पश्चात एडीएम द्वारा महामहिम राज्यपाल के संदेश का पठन किया गया.
रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और पीटी शो
विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने मैदान पर सामूहिक शारीरिक व्यायाम (पीटी) का शानदार प्रदर्शन किया। इसके बाद बच्चों द्वारा पेश की गई रंगारंग सांस्कृतिक और देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां ने दर्शकों का मन मोह लिया. नन्हे-मुन्नों के नृत्य और देशभक्ति गीतों की धुनों पर पूरा लक्ष्मण मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा.
62 अधिकारी, कर्मचारी और प्रतिभाएं हुईं सम्मानित

समारोह के अंतिम चरण में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 62 लोगों को प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड देकर सम्मानित किया गया. इनमें बेहतर परिणाम देने वाले मेधावी विद्यार्थी, उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी, खिलाड़ी और समाजसेवी शामिल रहे. जिला कलेक्टर और एसपी मनीष कुमार ने सभी प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

