डूंगरपुर जिले की बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने राजस्थान-गुजरात के रतनपुर बॉर्डर पर अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. पुलिस ने एक बंद बॉडी ट्रक कंटेनर से करीब 35 लाख रुपये मूल्य की हरियाणा निर्मित अवैध अंग्रेजी शराब बरामद कर एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है. तस्करी को छिपाने के लिए शातिर बदमाशों ने शराब के ऊपर मसालों के कार्टन भर रखे थे.

नाकेबंदी के दौरान मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई
बिछीवाड़ा थानाधिकारी देवेंद्र देवल ने बताया कि रतनपुर पुलिस चौकी इंचार्ज अब्दुल मुनाफ के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा बॉर्डर पर सघन नाकेबंदी की जा रही थी. इस दौरान मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि उदयपुर की ओर से एक संदिग्ध बंद बॉडी कंटेनर भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर गुजरात की तरफ जा रहा है.
मसालों के डिब्बों की आड़ में छिपाई थी शराब
सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने संदिग्ध कंटेनर को रुकवाया. पूछताछ में चालक ने अपनी पहचान अकबेरपुर (हरियाणा) निवासी राजेश कुमार के रूप में बताई. चालक ने पुलिस को गुमराह करते हुए ट्रक में प्लास्टिक की बोतलें होने का दावा किया. हालांकि, जब पुलिस ने संदेह के आधार पर कंटेनर को खुलवाकर तलाशी ली, तो शुरुआत में मसालों के डिब्बे मिले. मसालों के कार्टन हटाने पर नीचे हरियाणा निर्मित विभिन्न ब्रांड्स की अंग्रेजी शराब के कुल 268 कार्टन बरामद हुए.
35 लाख की शराब व ट्रक जब्त, आरोपी से पूछताछ जारी
पुलिस ने अवैध शराब और कंटेनर को जब्त कर आरोपी चालक राजेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. जब्त शराब की बाज़ार कीमत करीब 35 लाख रुपये आंकी गई है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि शराब की यह खेप कहाँ से भरी गई थी और गुजरात में किस माफिया को डिलीवर की जानी थी.

