उदयपुर जिले में सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर पावर बाइक से खतरनाक स्टंटबाजी कर आमजन की जान जोखिम में डालने वाले मनचलों और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ पुलिस ने कड़ा शिकंजा कसा है. जिले के चार थानों की पुलिस ने संयुक्त रूप से एक बड़ा विशेष अभियान चलाते हुए 50 से अधिक पावर बाइक्स को जब्त किया है. पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से स्टंटबाजों में हड़कंप मच गया है.
चार थानों की पुलिस ने एक साथ की कार्रवाई
झाड़ोल डीएसपी विवेक सिंह ने बताया कि सार्वजनिक सड़कों पर पावर बाइक से तेज रफ्तार में स्टंटबाजी करने और यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं. इसके बाद झाड़ोल, फलासिया, ओगणा और बाघपुरा थानों के थानाधिकारियों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में गश्त बढ़ाकर अचानक घेराबंदी की. गश्त के दौरान सार्वजनिक स्थानों और मुख्य सड़कों पर पावर बाइक लेकर खतरनाक करतब दिखा रहे युवकों को मौके पर ही दबोच लिया गया.
एमवी एक्ट में चालान, दुर्घटनाओं पर अंकुश की कवायद
डीएसपी विवेक सिंह ने कहा कि युवाओं की इस खतरनाक स्टंटबाजी की वजह से सड़कों पर चलने वाले अन्य वाहन चालकों और पैदल यात्रियों में अचानक भय का माहौल बन जाता था, जिससे हर समय गंभीर हादसे की आशंका बनी रहती थी. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी 50 पावर बाइक्स को जब्त कर लिया और चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) के तहत कड़ी कार्रवाई की गई.
भविष्य में भी जारी रहेगा अभियान
पुलिस प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि सार्वजनिक सड़कों को स्टंट का अड्डा बनाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा. डीएसपी ने कहा कि युवाओं के जीवन और आमजन की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ यह निरोधात्मक और दंडात्मक अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा.

